श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास कोरोना संक्रमित

मथुरा – श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई है। वह कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा आए हुए हैं और शहर के सीताराम मंदिर में रुके हैं। कोविड-19 के एंटीजन टेस्ट में संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं। उन्हें गुरुग्राम मेदांता हॉस्पिटल शिफ्ट किया जा रहा है। महंत बुधवार रात श्रीकृष्ण जन्मस्थान में आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने कान्हा का अभिषेक किया था। इसके बाद वह रात में शहर के जंक्शन रोड स्थित सीताराम मंदिर में ठहरे थे। सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना पर जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्रा और सीएमओ डॉ. संजीव यादव स्वास्थ्य टीम के साथ पहुंचे। टीम ने बताया कि बुखार और खांसी की शिकायत मिली थी। सुबह सांस लेने में भी दिक्कत थी। फिलहाल स्वास्थ्य ठीक है, लेकिन बेहतर उपचार के लिए मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी फोन पर उनका हाल जाना। सीएम योगी ने नृत्य गोपाल दास के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन को उचित प्रबंध के निर्देश भी दिए हैं। मथुरा के जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्रा के अनुसार महंत नृत्य गोपाल दास का कोरोना एंटीजन टेस्ट हुआ है। जांच में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। महंत को मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा है। चिकित्साधिकारी डॉ. भूदेव ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास को हल्का बुखार और खांसी थी। सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उन्हें दवा दी गयी है और अब बुखार उतर गया है। खांसी में भी आराम है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष भी हैं। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर वह बुधवार रात श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आयोजित प्राकट्योत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए थे। हर बार वह इस आयोजन में शामिल होते हैं। इस बार वह बाल गोपाल के अभिषेक के लिए अयोध्या से पवित्र सरयू जल भी लेकर गए थे। उनके शिष्य धर्मेंद्र दास के अनुसार नृत्य गोपाल दास जी की तबीयत अब ठीक है। कोई चिंताजनक बात नहीं है। सुबह सांस लेने में तकलीफ हुई थी। यदि आवश्यकता पड़ेगी तो अस्पताल में भर्ती करवाया जाएगा।

भूमि पूजन में पीएम मोदी के साथ हुए थे शामिल : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्र्स्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जाया जाएगा। पांच अगस्त को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए आयोजित भूमि पूजन समारोह में वह भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संघ प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य अतिथि समारोह में शामिल हुए थे।

मथुरा में मंदिर-मस्जिद का कोई विवाद नहीं : श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए  श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास बुधवार को देर शाम मथुरा पहुंच गए थे। वह अपने साथ पहली बार कान्हा के महाभिषेक के लिए अयोध्या से सरयू का जल लाए हैं। उन्होंने कहा था कि सरयू का जल हमारे साथ हमेशा रहता है। सरयू का जल दिव्य है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर और मस्जिद का विवाद सुलझा हुआ है। मंदिर अपनी जगह है और मस्जिद अपनी जगह, लिहाजा यहां आंदोलन की कोई जरूरत नहीं है।

Source :: jagran

CATEGORIES

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )